
आईआईटी गुवाहाटी में 60 लोग कोरोना संक्रमित,कैंपस को कंटेनमेंट जोन घोषित किया
गुवाहाटी- 06 जनवरी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गुवाहाटी कैंपस को कोरोना महामारी के मद्देनजर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। कैंपस में 60 लोगों के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। कामरूप (ग्रामीण) जिला के उत्तर गुवाहाटी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आईआईटी गुवाहाटी में 60 लोगों के कोरोना संक्रमित पाये जाने के मद्देनजर पूरे परिसर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जिला उपायुक्त की ओर से आदेश जारी किया गया।
आईआईटी गुवाहाटी के अधिकारियों द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब आईआईटी गुवाहाटी के पूरे परिसर को कंटेनमेंट जोन के रूप में चिह्नित किया गया है। इस अवधि के दौरान परिसर के भीतर सभी दुकानों, रेस्तरां और भोजनालयों को बंद कर दिया गया है। साथ ही परिसर में प्रवेश और निकास पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया गया है।
आईआईटी गुवाहाटी कैंपस से बाहर रहने वाले कर्मचारियों को सलाह दी गयी है कि वे घर से ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए हर समय टेलीफोन और संचार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर उपलब्ध रहें। संस्थान के कार्यालय के साथ ही बैंकों और डाकघरों के मामले में परिसर में रहने वाले कर्मचारी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए परिसर के अंदर काम करेंगे। बयान में यह भी उल्लेख किया गया है कि संस्थान की आपातकालीन सेवाएं जैसे अस्पताल, संस्थान कक्ष, छात्रावास मेस कार्य करते रहेंगे।



