
विधानसभा सत्र रात 2 बजे बुलाने पर मुख्यमंत्री ने किया राज्यपाल को फोन, दोबारा की कैबिनेट बैठक
कोलकाता- 24 फरवरी। राज्यपाल जगदीप धनखड़ के विधानसभा का सत्र रात 2 बजे बुलाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल को फोन कर बताया है कि यह एक टाइपिंग गलती थी। सत्र बुलाने के समय में गलती को सुधारने के लिए ममता कैबिनेट की दोबारा बैठक। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने राज्यपाल पर आरोप लगाया है कि वह संवैधानिक रीति-रिवाजों को तोड़ने के आदी हो चुके हैं।
गुरुवार शाम को तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने ट्विटर पोस्ट किया कि, “राज्यपाल का ट्वीट देखकर मुख्यमंत्री ने उन्हें फोन किया। राज्यपाल को भेजे गए पत्र में समय में पीएम की जगह एएम टाइप हो गया था। पत्र में अन्य जगह एएम के जगह पीएम ही लिखा था, इसलिए गलती को आसानी से समझा जा सकता था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दोपहर को विधानसभा सत्र बुलाने के लिए दोबारा प्रस्ताव भेजने के लिए कैबिनेट बैठक की है। उन्होंने राज्यपाल के कैबिनेट पेपर को ट्विटर पर लोड करने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल सारे नियम तोड़ रहे हैं। वह सरकार के काम में बाधा डालने,बंगाल को बदनाम करने और गैर-मुद्दे जारी करने में लगे हैं। वह राज्यपाल पद की गरिमा खराब कर भाजपा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।”



