ताज़ा ख़बरें

यूक्रेन पर रूस ने बरसाए 200 से ज्यादा बम,नाटो के 100 युद्धक विमान तैयार

कीव- 24 फरवरी। रूस और यूक्रेन में पिछले कई दिनों से संभावित टकराव गुरुवार को युद्ध में तब्दील हो गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के एलान के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव सहित प्रमुख शहरों में बैलिस्टिक मिसाइलें दागी जाने लगीं। कुल मिलाकर 200 से ज्यादा बम दागकर रूस ने यूक्रेन में दहशत का वातावरण बना दिया है। यूक्रेन ने तो जवाबी हमला किया ही है, संयुक्त राष्ट्र संघ एवं नाटो ने रूसी राष्ट्रपति से तत्काल लड़ाई रोकने को कहा है। पश्चिमी देशों की तमाम धमकियों एवं चेतावनियों के बीच नाटो ने रूस के आसपास 100 युद्धक विमान तैयार होने की बात कही है।

गुरुवार सुबह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने टीवी पर प्रसारित अपने संबोधन में यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का एलान किया। उन्होंने कहा कि ये कार्रवाई यूक्रेन से आने वाली धमकियों के जवाब में की गई है। दावा किया कि वह वहां रहने वाले लोगों को बचाने का इरादा रखते हैं। रूस का यूक्रेन पर कब्जा करने का कोई इरादा नहीं है और रक्तपात की जिम्मेदारी यूक्रेन सरकार की होगी। पुतिन की घोषणा के साथ ही रूसी सेनाओं ने यूक्रेन पर मिसाइलों से हमला बोल दिया। राजधानी कीव, प्रमुख शहर खारकीव, पूर्वी बंदरगाह शहर मारियुपोल सहित पूरे देश में बमों के धमाके गूंज रहे हैं। नाटो देशों की आपात बैठक में महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा कि नाटो यूक्रेन में रूस के आक्रमण की कड़े शब्दों में निंदा करता है। हम रूस से सैन्य कार्रवाई को तुरंत बंद करने और यूक्रेन से पीछे हटने का आह्वान करते हैं। रूस के आसपास हमारे 100 से अधिक युद्धक विमान और उत्तर से भूमध्य सागर तक समुद्र में 120 से अधिक जहाज तैयार खड़े हैं। यूक्रेन को रूस से बचाने के लिए जो जरूरी होगा, वह किया जाएगा। आगे की स्थिति पर विचार करने के लिए नाटो देशों के नेता कल बैठक करेंगे।

लगा मार्शल लॉ, 300 लोगों की गयी जान—

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद यूक्रेन में मार्शल लॉ लगा दिया गया है। राजधानी कीव का प्रमुख हवाई अड्डा भी खाली करा लिया गया है। यूक्रेन ने अब तक 300 लोगों के मारे जाने का दावा किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूसी हमले के बाद अमेरिका, फ्रांस और तुर्की के राष्ट्रपतियों से बातचीत की है। यूक्रेन की सेना ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि देश की नौसेना को बड़ा नुकसान हुआ है। भारी रॉकेट हमले की वजह से कीव और खार्किव में यूक्रेनी सैन्य कमांड पोस्ट तबाह हो गई है।

रूस के पांच फाइटर जेट उड़ाने का दावा—

रूस ने बेलारूस की धरती से भी यूक्रेन पर हमला बोल दिया है। हमले की चपेट में यूक्रेन के 11 शहर आए हैं। जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन ने रूस के पांच फाइटर जेट उड़ाने का दावा किया है। वहां पर आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखी गयीं। सभी प्रमुख शहरों में तेज धमाके गूंज रहे हैं। यूक्रेन की सेना की ओर से दावा किया गया है कि उसने रूस के पांच फाइटर जेट को मार गिराया है। इनमें से एक को राजधानी कीव पर हमला करने की कोशिश के दौरान मार गिराया गया। सेना का दावा है कि इन पांच फाइटर जेट के साथ एक हेलिकॉप्टर भी मार गिराया गया। इस बीच रूस की ओर से दावा किया गया कि यूक्रेनी नेशनल गार्ड के मुख्यालय को नष्ट कर दिया गया है।

संयुक्त राष्ट्र ने की शांति की अपील—

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ट्वीट कर कहा कि वे दिल की गहराइयों से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बस एक बात कहना चाहते हैं। ट्वीट में उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपति पुतिन आप अपनी सेनाओं को रोक लीजिए। शांति को एक मौका दीजिए, पहले ही बड़ी संख्या में लोग मारे जा चुके हैं।” कनाडा ने यूक्रेन पर रूस के हमले की कड़ी निंदा करने के साथ रूस से अपनी सेना वापस बुलाने का अनुरोध किया है। इंग्लैंड के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की है। राष्ट्रपति पुतिन ने खूनखराबे का रास्ता चुना है। इंग्लैंड और उसके सहयोगी मजबूती से जवाब देंगे। जर्मनी ने भी यूक्रेन के साथ एकजुटता दिखाने का संदेश दिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का कहना है कि यूक्रेन पर रूस का हमला यूरोपीय इतिहास में ‘टर्निंग पॉइंट’ है।

खोली सेना भर्ती, सैनिकों की मौत का दावा

रूस के हमले के बाद यूक्रेन में हाहाकार मचा है। राजधानी कीव की सड़कों पर जाम लगा है। पहले ही मार्शल लॉ लगा चुके यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि यूक्रेन किसी भी हाल में रूस के आगे समर्पण नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि हम झुकेंगे नहीं, हमारी सेना रूस को माकूल जवाब दे रही है। इस अहम बैठक के बाद यूक्रेन ने देश के युवाओं के लिए सेना भर्ती खोलने का एलान किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने कहा कि देश में जो भी हथियार पकड़ने के लिए तैयार और सक्षम है, वह टेरिटोरियल डिफेंस फोर्स के रैंक में शामिल हो सकता है। यूक्रेन ने रूस के हमले में 40 यूक्रेनी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। साथ ही दावा किया है कि जवाबी हमले में रूस के 50 सैनिक मार डाले हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button