
मधुबनी का लाल बहादुरी के लिए गृहमंत्री के हाथों सम्मानित, रैयाम गांव में खुशी का माहौल
मधुबनी-20 मार्च। बिहार के मधुबनी जिला के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के रैयाम गांव निवासी नथुनी कामत के पुत्र संजय कुमार कामत को जम्मू स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने बहादुरी के लिए ‘‘पुलिस मेडल‘‘ एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। विदित हो कि 22 जनवरी 2019 को संजय कुमार कामत जब सीआरपीएफ की 178 बटालियन में थे, तब उनकी यूनिट कश्मीर के शोपियां जिले के जैनापोरा थानाक्षेत्र के शेरमाल गांव में आतंकवादियों के विरुद्ध एक ऑपेरशन चला रही थी। अचानक आतंकवादियों के एक समूह ने भीषण फायरिंग शुरू कर दिया। तथा उनकी टुकड़ी को बर्बाद करने की कोशिश की। भयानक संघर्ष में असीम बहादुरी दिखलाते हुए मधुबनी के लाल संजय ने तीन दुर्दान्त आतंकियों को अकेले ही ढ़ेर कर दिया।
वर्ष 2020 के स्वतंत्रता दिवस में इस बात का उल्लेख हुआ और सभी पदाधिकारियों ने संजय का नाम बहादुरी के लिए दिए जाने वाले पुलिस मेडल के लिए अग्रसारित किया। शनिवार को जम्मू में सीआरपीएफ के 83वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजन समारोह में संजय कुमार कामत को उनकी असीम बहादुरी एवं राष्ट्रभक्ति के लिए गृहमंत्री अमित शाह ने सम्मानित किया। संजय का पूरा परिवार इससे काफी खुशी है। तथा संजय के गांव रैयाम के आमजनों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।



