
पैसे नहीं लौटने पर जूता कारोबारी की हत्या, 2 गिरफ्तार
बांकुड़ा- 28 अगस्त। व्यापार के लिए मोटी रकम उधार लेने के बाद पैसे नहीं लौटने पर जामुड़िया के एक जूता व्यापारी की हत्या कर दी गयी। मृतक का नाम सैयद मोहम्मद तौफीक है। बांकुड़ा पुलिस ने रविवार को हत्या मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आसनसोल के हीरापुर निवासी मोहम्मद जीलान उर्फ गोल्डी और भूट्ट के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सैयद मोहम्मद तौफीक जामुड़िया में जूतों का कारोबार करता था। आसनसोल के हीरापुर निवासी मोहम्मद जीलान उर्फ गोल्डी के साथ व्यापारिक संबंध थे। गोल्डी ने कारोबार के लिए 10 लाख रुपये उधार दिए थे। बार-बार अनुरोध करने के बावजूद तौफीक ने वह कर्ज नहीं चुकाया। तौफीक गुरुवार रात से लापता था। इसके बाद जामुड़िया थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उस वक्त मोहम्मद जीलान उर्फ गोल्डी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई।
घटना की जांच में जुटी पुलिस को शुक्रवार को बांकुड़ा के शालतोड़ा थाना क्षेत्र के बिहारीनाथ पहाड़ इलाके से एक शव पड़े होने की सूचना मिली। शव लुंगी में हाथ-पैर बंधे हुए पड़ा था। कई पोस्टकार्ड भी मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पता चला कि बरामद शव लापता कारोबारी तौफीक का है। जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। फिर पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गोल्डी के अलावा एक अन्य आरोपित हीरापुर निवासी भूट्ट को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया गया।
बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक वैभव तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना की जानकारी दी है। बताया गया है कि जामुड़िया में तौफीक, भूट्ट और गोल्डी एक साथ खाना खा रहे थे। वहीं पर जूता विक्रेता तौफीक को उसकी ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया गया। फिर तौफीक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। भूट्ट ने गोल्डी को जमुरिया से शव लाने और शालतोड़ा इलाके में फेंकने में मदद की। यह दावा बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक वैभव तिवारी का है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।



