
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले मधुबनी में अपराधियों का तांडव,युवक को मारी गोली: ब्रह्मानंद यादव
मधुबनी – 06 सितंबर। बिहार के मुख्यमंत्री के राजनगर कार्यक्रम से ठीक पहले जिले में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। उक्त बातें रहिका सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक मधुबनी के पूर्व अध्यक्ष सह राजद नेता ब्रह्मानंद यादव ने कहीं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भैरवस्थान थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया।
घायल युवक का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।वहीं, जिले में दो अलग-अलग निर्मम हत्या की घटनाओं से दहशत का माहौल है। चनौरागंज के पास पुल किनारे दुर्गानंद सदाय की हत्या कर शव फेंक दिया गया था। दूसरी घटना खजौली प्रखंड के लौकहा थाना क्षेत्र की है, जहाँ बघमरिया निवासी 20 वर्षीय ललन सदाय का सिर काटकर हत्या कर दी गई। शव को नहर किनारे फेंक दिया गया। पूर्व अध्यक्ष ने बताया कि लगातार हो रही हत्या, लूट, दुष्कर्म और चोरी की घटनाओं से आम लोग सहमे हुए हैं। इन तीनों घटनाओं की उच्चस्तरीय जाँच किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के राजनगर में गृह मंत्री के नजदीकी के काका के मृत्यु भोज में सरकारी राशि खर्च कर कार्यक्रम करा रही है, तो दूसरी तरफ मधुबनी पुलिस अपराध रोकने के मुद्दे पर पूर्ण रूप से विफल साबित हो रही है।



