
देव प्राण प्रतिष्ठा समारोह में फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, महिला की गई जान
शिमला- 27 अप्रैल। शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिडग़ांव थाना अंतर्गत कुलगांव में देवता के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी द्वारा गोली चलाने से एक 26 वर्षीय महिला रितिका की मौत हुई है। इस मामले में थाना चिड़गांव में धारा 103(1) बीएनएस और धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
यह घटना रविवार आधी रात करीब 12:45 बजे हुई, जब कुलगांव में नव-निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ा धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और पारंपरिक नृत्य व उत्सव का माहौल था। इसी दौरान जश्न के बीच आरोपी ने गोली चलाई, जो वहां मौजूद एक महिला को जा लगी। महिला की पहचान रितिका के रूप में हुई है, जो चिड़गांव क्षेत्र की निवासी थीं। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
एसएसपी के अनुसार पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें कार्यक्रम के दौरान हथियारों के इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलू भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



