
कैबिनेट के 34 एजेंडों पर लगी मुहर: पटना जलापूर्ति के लिए 1794 करोड़, ग्राम कचहरी का खर्च 6 गुना बढ़ा, 11 डॉक्टर बर्खास्त
पटना, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगी। इसी के साथ राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हुई। अब कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल, पेपरलेस और नई तकनीक से लैस होगी।
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डिसमिल बिहार सरकार की भूमि पर एसएसबी की 19वीं एवं 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई। नालंदा के इस्लामपुर में औद्योगिक विकास के लिए मौजा-ब्रहगांवा में 564.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 382.23 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई। समस्तीपुर में खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 261.92 करोड़ और शेखपुरा में चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में कुल 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। इससे शहर में स्वच्छ एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
ग्राम कचहरियों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी के प्रशासनिक व्यय की वार्षिक राशि 4,000 से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2027 से 24,000 करने की स्वीकृति दी गई। इससे ग्राम कचहरियों के सुचारु संचालन और स्थानीय न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) पटना में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए 64 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, कल्याण विभाग के अंतर्गत बिहार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संवर्ग के 17 नए पदों को भी स्वीकृति मिली।
साथ ही, मेडिकल कॉलेजों में नियुक्तियों के लिए ‘बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट सह रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा संवर्ग नियमावली 2026’ और ‘बिहार प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक्स गैर-शैक्षणिक संवर्ग नियमावली 2026’ के गठन को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया। बर्खास्त किए गए डॉक्टरों में डॉ. अनामिका कुमारी, सदर अस्पताल सहरसा, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, सदर अस्पताल भागलपुर, डॉ. अमित कुमार भागलपुर, डॉ. रवि रंजन, डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर सुपौल, डॉ. सुमित कुमार भागलपुर, डॉ. प्रसून दिवाकर, डॉ. रेखा कुमारी मधेपुरा और डॉ. अरुण कुमार सहरसा प्रमुख हैं।
पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, बीपीएससी और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑफलाइन तैयारी कराने के लिए 31 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत ‘कल्याण लिपिक संवर्ग नियमावली 2026’ को भी स्वीकृति मिली।
अन्य बड़े फैसले—
राज्य की अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार के लिए ‘बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद’ के गठन को मंजूरी।
-वित्तीय वर्ष 2026-27 में ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना’ को 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक विस्तार देते हुए 164 करोड़ 51 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत।
‘बिहार खनिज नियमावली 2026’ को स्वीकृति।
-खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका 2026’ को स्वीकृति, मान्यता प्राप्त खेल संघों को प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु सरकारी अनुदान मिलेगा।
-ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक भवन, कार्यालय और आवासीय भवनों के विकास के लिए एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड, दिल्ली के साथ समझौते को ‘बिहार वित्त संशोधन नियमावली 2024’ के अंतर्गत मंजूरी। पटना के लोदीपुर में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) मुख्यालय भवन के निर्माण कार्य की अवधि को 1 साल के लिए विस्तारित किया गया।
पहली बार हुई ई-कैबिनेट बैठक—
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने कहा कि पहली बार ई-कैबिनेट बैठक हुई है। ई-कैबिनेट से कागज और समय की बचत होगी। टैब पर 2 करोड़ की राशि खर्च हुई है, जो 6-7 महीने में ही वसूल हो जाएगी।



