बिहार

बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदलनी है तो सरकारी प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र को भी गुणवत्ता और जवाबदेही की मिसाल पेश करनी होगी: CM

सीवान- 25 नवंबर। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदलनी है तो सरकारी प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र को भी गुणवत्ता और जवाबदेही की मिसाल पेश करनी होगी। निजी मेडिकल कॉलेजों की चिकित्सा व्यवस्था सरकारी अस्पतालों से भी बेहतर होनी चाहिए। ममता मेडिकल कॉलेज ऐसा संस्थान बने, जहां मरीज इलाज के लिए खुद आना पसंद करें। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को दारौंदा प्रखंड के चिंतामणपुर में ममता मेडिकल कॉलेज में आयोजित व्हाइट कोट सेरेमनी में संस्थान प्रबंधन को यह संदेश दिया।

उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का बड़ा संकल्प है। मुख्यमंत्री ने संस्थान के चेयरमैन कौशल कुमार से स्पष्ट कहा कि अगले दो-तीन वर्षों में जब वे दोबारा यहां आएं तो मेडिकल कॉलेज की गुणवत्ता और चिकित्सा सुविधाएं ऐसी हों कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए कहीं और जाने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने कहा कि संस्थान की छोटी से छोटी कमी को भी गंभीरता से दूर करना होगा। मेडिकल कॉलेज की पहचान केवल उसकी भव्य इमारत से नहीं, बल्कि मरीजों को मिलने वाली बेहतर चिकित्सा सेवा से बनती है।
सीवान की ऐतिहासिक धरती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि है। यहां मेडिकल कॉलेज का खुलना जिले के लिए गौरव और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सीवान में बन रहे सरकारी मेडिकल कॉलेज को भी वर्ष 2027 में जनता को समर्पित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने बिहार में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का खाका रखते हुए कहा कि पहले राज्य में प्रतिवर्ष करीब 1300 विद्यार्थी एमबीबीएस की पढ़ाई कर पाते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर करीब पांच हजार हो गई है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रतिवर्ष 10 हजार डॉक्टर तैयार करना है। अगले तीन वर्षों में 15 नए मेडिकल कॉलेजों के विकास और 16 ग्रीनफील्ड मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है। इस तरह राज्य में 31 मेडिकल कॉलेज विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में डॉक्टरों की कमी दूर करने के साथ जिला अस्पतालों को भी मजबूत बनाया जा रहा है। सरकार चाहती है कि मरीजों को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर नहीं करना पड़े। जिला अस्पतालों में ऑपरेशन की संख्या बढ़ना स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का संकेत है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए समृद्ध बिहार बनाना जरूरी है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम करना होगा। बिहार में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज के नए विद्यार्थियों से बेहतर डॉक्टर बनकर बिहार की तरक्की और समाज की सेवा में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में वी वी गिरी विश्वविद्यालय के निदेशक कौशल किशोर गिरी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक मंगल पांडे, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सीवान सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह, जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी सहित बिहार सरकार के कई अधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!