
A.M.U विश्वविद्यालय के छात्रावास में फांसी लगाकर छात्रा ने दी जान, प्रशासन कर रहा जांच
अलीगढ़- 12 अगस्त। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के इंदिरा गांधी छात्रावास में मंगलवार की बीती रात एक छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस और विश्वविद्यालय की प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से छात्रा के परिजनों को जानकारी दे दी गई है।
कोलकाता निवासी इर्तिका समीर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में दर्शनशास्त्र की द्वितीय वर्ष की छात्रा और विश्वविद्यालय के ही इंदिरा गांधी छात्रावास में रहती थी। देर रात पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिलने की सूचना मिलने पर एएमयू की प्रॉक्टोरियल टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गय। जांच के बाद चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे छात्रा के फंदे से लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. उमर सलीम पीरजादा ने बताया कि छात्रा के परिजन कोलकाता से अलीगढ़ पहुंच रहे हैं। उनके आने के बाद यह पता चल सकेगा कि आखिर किन कारणों से छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।



