
MADHUBANI:- पॉलीथिन मुक्त शहर की ओर बढ़ते कदम, स्वच्छता साथियों ने शहर में चलाया जागरूकता अभियान
मधुबनी- 21 अप्रैल। शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वच्छता साथियों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस क्रम में थाना मोड़, शंकर चौक, गिलेशन बाजार, बाटा चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान स्वच्छता साथियों ने दुकानदारों से अनुरोध किया कि वे कूड़ा – कचरा आदि को इधर न फेंके उसे डस्टबिन में ही डालें, इस से हम स्वस्थ भी रहेंगे और ग्राहक के पास अच्छा संदेश जाएगा जिससे आपकी दुकानदारी भी बढ़ेगी।मौके पर ही उन्होंने एकल उपयोग वाले पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील भी की। दुकानदारों को पॉलीथिन के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी भी विस्तारपूर्वक दी गई। उन्होंने बताया कि पॉलीथिन के अत्यधिक उपयोग से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है और यह मानव जीवन के साथ-साथ पशुओं के लिए भी हानिकारक साबित होता है।
इस अवसर पर नगर निगम, मधुबनी के स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजनों एवं दुकानदारों से अपील की कि वे पॉलीथिन का उपयोग बंद कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
वहीं डीपीओ, नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान से लोगों में सकारात्मक बदलाव आएगा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में अविनाश चौधरी, मीनातुल्ला, कल्याणी, अशोक राम, राम, प्रकाश राम, साजन, दीपक कुमार, इंद्रदेव यादव, नीतू कुमारी सहित अन्य स्वच्छता साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।



