
बिहार
MADHUBANI:- बेनीपट्टी में महिलाओं को कुचलने वाला स्कॉर्पियो CCTV फुटेज के आधार पर उमगांव से बरामद
मधुबनी- 10 अगस्त। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के जगदंबा पेट्रोल पंप के निकट तीन महिलाओं को कुचलने वाले वाहन की तलाश पूरी कर पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। दुर्घटना कारित स्कॉर्पियो बेनीपट्टी के हरलाखी थाना के उमगांव से बरामद की गई। बरामदगी में हरलाखी थाना पुलिस का भी काफी सहयोग रहा। हालांकि, स्कॉर्पियो का संचालन कर रहे ड्राइवर अभी भी फरार बताया जा रहा है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि, गाड़ी के संबंध में विभाग से पूरी जानकारी ली जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि, दुर्घटना के संबंध में मृतका के परिजन राजू कुमार महतो के आवेदन के आलोक में एफआईआर के लिए यातायात थाना को अग्रसारित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि, रविवार की अलसुबह करीब साढ़े पांच बजे मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही धकजरी के किरण देवी, रीता देवी और फूलदाई देवी को रौंद दिया। जिससे तीनों महिलाओं की मौत मौके पर ही हो गई। महिला को ठोकर मारने के बाद स्कार्पियों चालक काफी तेजी में बेनीपट्टी लोहिया चौक होते हुए ब्लॉक रोड होते हुए हरलाखी की ओर फरार हो गया। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरा में सब कुछ स्पष्ट रूप से नजर आ रहा था।



