
MADHUBANI:- बेखौफ अपराधियों के निशाना पर आयी रहिका पुलिस, सब इंस्पेक्टर और चौकीदार से लूटपाट, किया घायल
मधुबनी- 17 जुलाई। बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को ही अपना निशाना बना लिया। रहिका थाना क्षेत्र में तीन बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक सब इंस्पेक्टर और चोकीदार से लूटपाट करने की कोशिश की। इस दौरान जब पुलिस अधिकारी ने बहादुरी दिखाते हुए अपराधियों का विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना गुरुवार की देर रात्रि की है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात रहिका थाना से महज कुछ ही दूरी पर एक बिल्कुल शांत इलाके में हुई। घायल सब इंस्पेक्टर की पहचान रूपक कुमार के रूप में हुई है, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और सदर डीएसपी-वन अमित कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सब इंस्पेक्टर रूपक कुमार और उनके साथ एक चोकीदार थाना क्षेत्र के ही एक होटल से खाना खाकर लौट रहे थे। दोनों उस वक्त सिविल ड्रेस में थे। तभी रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और सब इंस्पेक्टर रूपक कुमार से उनका मोबाइल फोन मांगने लगे। रूपक कुमार ने मोबाइल देने से साफ इनकार कर दिया, जबकि उनके साथ मौजूद चोकीदार ने डरकर अपना फोन अपराधियों के हवाले कर दिया। मोबाइल न देने पर अपराधियों ने सब इंस्पेक्टर पर देसी कट्टा भी तान दिया। इसके बावजूद,सब इंस्पेक्टर रूपक कुमार डरे नहीं और उन्होंने साहस का परिचय देते हुए तीनों अपराधियों से अकेले ही लड़ लिया। पुलिसकर्मी और अपराधियों के बीच काफी देर तक हाथापाई और लड़ाई होती रही। खुद को घिरता देख अपराधियों ने रूपक कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के समय रहिका थानाध्यक्ष क्षेत्र में ही गश्ती पर निकले हुए थे। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले। पुलिस कप्तान ने आश्वस्त किया है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-वन अमित कुमार और बेनीपट्टी डीएसपी के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया है।



