
MADHUBANI:- राम जानकी ठाकुरबाड़ी में झूलन महोत्सव की धूम, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
मधुबनी- 26 अगस्त। शहर के गंगासागर निधि चौक स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी में सावन के पावन अवसर पर झूलन महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। ठाकुरबाड़ी को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। ठाकुरबाड़ी में भगवान श्री राम, माता जानकी,लक्ष्मण और बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण-राधा रानी की प्रतिमाओं को सुंदर झूले (पालने) पर विराजमान कराया गया है।
श्रद्धालु बारी-बारी से भगवान को झूला झुला रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंहत रत्नेश्वर दास ने बताया कि यह पारंपरिक उत्सव सावन शुक्ल एकादशी से शुरू होकर पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन तक चलता है। इस दौरान प्रतिदिन शाम को मंदिर में भजन-कीर्तन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हो रहा है।
ठाकुरबाड़ी में 100 साल से भी अधिक पुरानी परंपरा के अनुसार झूलनोत्सव मनाया जाता है। महोत्सव में विधायक माधव आनंद, समाजसेवी साजन सिंह सहित अन्य गणमान्य शामिल हो रहे है। गंगासागर, निधि चौक के अलावा आसपास के कई मुहल्लों से सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है।



