
MADHUBANI:- नेशनल लोक अदालत में 373 मामलों का ऑन स्पाॅट निपटारा
मधुबनी- 14 मई। जिला कोर्ट में शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत में 373 मामलों का ऑन स्पाॅट निपटारा हुआ। सबसे अधिक बैंक ऋण से संबंधित 260 मामलों का निपटारा हुआ। जबकि कोर्ट में लंबित 113 मामलों का निष्पादन हुआ। सभी मामले आपसी सुलह के आधार पर निपटाए गये। सबसे अधिक पीएनबी के 90 मामलों का निपटारा हुआ। जबकि उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के 65 एवं भारतीय स्टेट बैंक के 32 मामलों का निपटारा हुआ।
इससे पूर्व जिला जज राज किशोर राय जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव एडीजे प्रीतम कुमार रतन,एडीजे सत्यप्रकाश,सीजेएम अंजनी कुमार गौंड,लायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बोधकृष्ण झा एवं जिला अधिवक्ता संघ के ज्वाइंट सेक्रेटरी धीरेन्द्र कुमार धीरज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत की शुरुआत की। बैंक से संबंधित पीठ में भीड़ देखी गई। लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाया गया था। जिला जज खुद विभिन्न पीठों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनी।
प्राधिकार के सचिव ने बताया कि मामलों की सुनवाई के लिए गठित पांच अलग-अलग बेंच में 7050 मामलों की सुनवाई हुई। जिसमें बैंक ऋण के 260,क्रिमिनल मामलों के 56 एवं बिजली चोरी से संबंधित 57 मुकदमों का निपटारा हुआ।



