
MADHUBANI:- रहिका थाना क्षेत्र में आराधियों ने यात्रियों के साथ की मारपीट और फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस
मधुबनी- 05 अगस्त। रहिका थाना क्षेत्र के ककारौल चौक के पास बीती रात बेखौफ अज्ञात बदमाशों ने ऑटो सवार यात्रियों से मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना देर रात लगभग 1ः30 बजे की है, जब मधुबनी रेलवे स्टेशन पर पवन एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों को लेकर एक ऑटो चालक सिमरी की ओर जा रहा था। ऑटो चालक ने बताया कि ककारौल चौक के पास नशे में धुत 7 से 8 युवकों ने अचानक वाहन को घेर लिया और पिस्टल तान दी। विरोध करने पर बदमाशों ने यात्रियों के साथ मारपीट की और उनके रुपये लूट लिए। चालक ने आगे बताया कि बदमाशों ने ऑटो पर फायरिंग भी की, जिससे गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि गोली शीशे में ही अटक गई और कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। कहा घटना होने के बाद तुरंत सूचना डायल 112 पुलिस को दिया। जहां पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
इस मामले में रहिका थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि यात्रियों के साथ हल्की लूटपाट की बात सामने आई है, लेकिन फायरिंग की घटना से उन्होंने इंकार किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पीड़ितों की तरफ से थाने में लिखित आवेदन नहीं मिला है।



