भारत

देशभर में घरेलू रसोई गैस का वितरण सामान्य: केंद्र

नई दिल्ली- 06 मई। केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि देशभर में घरेलू रसोई गैस का वितरण सामान्य है और किसी भी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के यहां से कोई ड्राई-आउट की खबर नहीं है। सरकार ने कहा कि लगभग 95 फीसदी गैस सिलिंडर का वितरण ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ के जरिए पूरी की जा रही है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) का वितरण सामान्य बना हुआ है, और स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि लगभग 95 फीसदी गैस सिलिंडर का वितरण ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ के जरिए पूरा किया जा रहा है। साथ ही पिछले दो दिनों में 88.82 लाख बुकिंग के मुकाबले लगभग 87.28 लाख सिलेंडर डिलीवर किए गए हैं।

सुजाता शर्मा ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बीच खाना पकाने के लिए सरकार घरेलू रसोई गैस की 100 फीसदी आपूर्ति उपभोक्ताओं तक सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, और कमर्शियल सिलेंडरों के उपभोक्ताओं को 70 फीसदी तक आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।

संयुक्त सचिव ने बताया कि लगभग 6 लाख 31 हजार नए पीएनजी कनेक्शनों में गैस सप्लाई शुरू हो गई है और 2.67 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 6 लाख 93 हजार उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शनों के लिए रजिस्टर्ड हैं। उन्होंने कहा कि 49 हज़ार से जयादा पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपनी LPG कनेक्शन स्वेच्छा से सरेंडर कर दिए हैं।

सुजाता शर्मा ने कहा कि पिछले दो दिनों में लगभग 15,900 टन कमर्शियल एलपीजी और 876 टन ऑटो एलपीजी की बिक्री दर्ज की गई है। इसके अलावा लगभग 1.2 लाख 5 किलो वाले सिलिंडर भी बेचे गए हैं। वहीं, 3 अप्रैल से अब तक 10,000 से ज्यादा जागरूकता कैंप लगाए गए हैं, जिनके दौरान अब तक 1.84 लाख से ज्यादा 5 किलो वाले सिलिंडर बेचे जा चुके हैं। शर्मा ने यह भी बताया कि कामकाज और रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से चल रहे हैं।

वहीं, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र के हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि नाविकों का कल्याण सुनिश्चित किया जा सके और समुद्री परिचालन बिना किसी रुकावट के जारी रहे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, और पिछले 48 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों या भारतीय नाविकों को ले जा रहे विदेशी ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी किसी भी घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।

ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम ने शुरू होने के बाद से अब तक 8,570 कॉल और 18,732 से अधिक ईमेल संभाले हैं। इनमें से 156 कॉल और 668 ईमेल पिछले 48 घंटों के दौरान आए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से 2,999 से अधिक नाविकों की सुरक्षित वापसी में भी मदद की है, जिनमें से 23 नाविकों की वापसी पिछले 48 घंटों में हुई है। पूरे भारत में बंदरगाहों का परिचालन सामान्य बना हुआ है, और कहीं भी भीड़भाड़ की कोई रिपोर्ट नहीं है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button