
MADHUBANI:- हाइवा की ठोकर से बाईक सवार युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम
मधुबनी- 27 अप्रैल। अरेर थाना क्षेत्र के कपसिया चौक के हनुमान मंदिर के निकट तेज रफ्तार हाइवा ने एक बाइक को ठोकर मार दिया। जिससे एक बाइक युवक की मौत हो गयी। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बिस्फी के सिमरी गनौर निवासी राम प्रकाश दास के पुत्र पंकज दास और दूसरा युवक मृतक का सगा भाई राकेश दास के रुप मे हुई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने ठोकर मार कर भाग रहे हाइवा को पोखरौनी मोड़ के समीप पकड़ कर अरेर थाना पुलिस को सौंप दिया।
वहीं, रहिका जयनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक एक बाइक पर अपने भाई के साथ सवार होकर कलुआही थाना के कालिकापुर ससुराल से वापस घर लौट रहा था। जहां कपसिया चौक के निकट सड़क निर्माण में मिट्टीकरण कार्य में लगे हाइवा ने पीछे से बाइक को ठोक दिया। उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुँच गए। जिससे माहौल कारुणिक हो गया। उधर, जाम की सूचना मिलते ही जयनगर डीएसपी राघव दयाल और बेनीपट्टी सर्किल इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा मौके पर पहुँच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खाली कराया। सड़क जाम खाली कराने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। बताया जा रहा है कि, मृतक को एक पुत्र व एक पुत्री है।
उधर, घंटो तक मुख्य सड़क जाम होने के कारण पथ पर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गयी। हालांकि, छोटी छोटी वाहन गलियों से निकलते रहा, लेकिन, भारी वाहनों के जाम होने से पूरा सड़क अस्त व्यस्त रहा।



