
बिहार में बड़े टेंडरों पर निगरानी की नजर, 5 करोड़ से ऊपर के सभी टेंडरों की होगी तकनीकी जांच
पटना- 28 सितंबर। राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जनवरी 2026 से अबतक के पांच करोड़ या उससे अधिक राशि के सभी टेंडरों की जांच कराई जाएगी। निगरानी विभाग के तकनीकी परीक्षक कोषांग के माध्यम से यह जांच होगी। राज्य सरकार ने पिछले 9 माह में जारी सभी निविदाओं की जांच का निर्णय लिया है। निगरानी विभाग ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश देकर ब्योरा मांगा है।
जिन 9 विभागों की जांच होगी उनमें स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पथ निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED), भवन निर्माण विभाग एवं लघु जल संसाधन विभाग शामिल हैं। इन 5 बिंदुओं पर मांगी गई जानकारी। निविदा आमंत्रण सूचना जारी करने की तिथि, कार्य का नाम निविदा में अंकित प्राक्कलित राशि, टेंडर निपटारे की अद्यतन स्थिति और टेंडर परिणाम बिल से कम या अधिक (प्रतिशत में)। विभाग के अनुसार पांच करोड़ या उससे अधिक के टेंडर में टेम्परिंग या किसी प्रकार के विचलन की बारीकी से जांच की जाएगी। तकनीकी कोषांग में इसके लिए तकनीकी जानकारी रखने वाले अभियंता भी तैनात हैं।



