पटना- 01 अप्रैल। बिहार के सासाराम में रामनवमी के अगले दिन हुई हिंसा और आगजनी के बाद पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ सख्त है। इसी के मद्देनजर सासाराम के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को चार अप्रैल तक के लिए बंद किया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इसे लेकर पत्र जारी कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि सासाराम में शुक्रवार को हुई हिंसा, आगजनी से बढ़े तनाव के बाद पुलिस ने कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। सासाराम दंगा मामला में अब तक 20 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। सासाराम के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष राय इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियन्त्रण में है। पुलिस की तैनाती की गई है। साथ ही शरारती तत्वों पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की नजर है।
