
कोच्चि में मधुबनी पेंटिंग की छटा, केरल के बच्चों को बिहार के कलाकार सिखा रहे लोककला
कोच्चि- 07 अक्टूबर। एर्नाकुलम जिला प्रशासन के संयोजन में केरल राज्य के ‘रोशनी प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत कोच्चि में दस दिवसीय मधुबनी पेंटिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में मधुबनी, बिहार के मधुबनी चित्रकला के प्रशिक्षक चन्द्रकान्त कुमार बारी एवं ललिता दत्त बच्चों को मधुबनी पेंटिंग की पारंपरिक शैली, रेखांकन, अलंकरण और चित्रांकन की बारीकियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
कार्यशाला के प्रथम दिन कोच्चि के डिप्टी कलेक्टर ऋत्विक रंजन ने अपने प्रेरणादायी संबोधन के माध्यम से कार्यशाला का उद्घाटन किया और बच्चों को मधुबनी कला सीखने तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यशाला कला के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता विकसित करने, भारतीय लोककला से जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की एक सार्थक पहल है।



