
MADHUBANI:- 25 सितंबर से पंचायत एवं वार्ड स्तर पर लगेंगे ‘सेवा सेतु शिविर’, 6 से 8 अक्टूबर तक मिशन मोड में होगा आवेदनों का निष्पादन
मधुबनी- 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु शिविर : सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन 25 सितंबर से जिले के सभी पंचायतों एवं वार्डों में किया जाएगा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर उप विकास आयुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर माइक्रोप्लान तैयार करने और स्थलवार कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया।
शिविरों में आम नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं केंद्र-राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर सकेंगे। प्रशासन का लक्ष्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है। प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए 6, 7 एवं 8 अक्टूबर को विशेष मिशन मोड अभियान चलाया जाएगा। पात्र लाभुकों को जांच के बाद योजनाओं का लाभ दिया जाएगा और आवेदक को उसकी आवेदन स्थिति की जानकारी भी दी जाएगी। सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी, एसडीओ और डीसीएलआर शिविरों की दैनिक मॉनिटरिंग करेंगे और रिपोर्ट जिला विकास शाखा को देंगे।
बीडीओ को निर्देश दिया गया है कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक, होर्डिंग, फ्लेक्स और माइकिंग के माध्यम से शिविर की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। जिलाधिकारी ने अपील की है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे, सभी निर्धारित तिथि पर अपने पंचायत, वार्ड के शिविर में पहुंचकर आवेदन जरूर करें।



