
BIHAR:- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 171 लीटर नेपाली शराब बरामद, 1 तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी- 18 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की सी समवाय, बीओपी पिपरौन ने बड़ी कार्रवाई की है। आसूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 171 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 283/23 से लगभग 50 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र, दुर्गापट्टी गांव के समीप SSB टीम ने नाका लगाया। नाका ड्यूटी के दौरान कुछ व्यक्ति सिर पर बोरियां लेकर नेपाल की ओर से भारत की तरफ आते दिखाई दिए। सभी के बीच लगभग 30-40 मीटर की दूरी थी।
SSB टीम को देखते ही सभी ने अपनी-अपनी बोरियां मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर टीम ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य नाला कूदकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। मौके की तलाशी के दौरान कुल 05 बोरियां कुल 171 लीटर बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कमलजीत यादव (21 वर्ष), निवासी ग्राम उमगांव, थाना हरलाखी, जिला मधुबनी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि बरामद शराब नेपाल के जटही निवासी गुड्डू पंडित से खरीदी गई थी और इसे उमगांव निवासी रितिक कामत एवं अजय यादव को पहुंचाया जाना था। उसने स्वयं को शराब का कूरियर बताया है। बरामद शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना हरलाखी को सुपुर्दगी की प्रक्रिया जारी है।



