
BIHAR:- बाढ़ आपदा प्रबंधन पर समीक्षा बैठक, मौके पर बोले सीएम सम्राट, कहा- दुर्गा पूजा से पहले क्षति आंकलन रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी
पटना- 17 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का पूर्ण आकलन दुर्गा पूजा से पहले पूरा कर केंद्र सरकार को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान और आवश्यक राहत के संबंध में केंद्रीय टीम द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह को अवगत कराया जाएगा। बिहार को बाढ़ राहत के लिए अधिकतम सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने किसानों के हित में केला, मक्का, लीची आदि फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की बात कही, जिससे बेहतर पैदावार, किसानों की आय में वृद्धि और कृषि उत्पादों को विदेशों तक पहुंचाने की संभावनाओं को बल मिल सके।
केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ राहत के क्षेत्र में बिहार ने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।



