
BIHAR:- भोजपुर में ड्राइविंग लाइसेंस रैकेट पर लगेगी लगाम, ऑटोमेटेड टेस्टिंग ट्रैक के लिए 10.32 लाख आवंटित
भोजपुर/पटना- 15 सितंबर। भोजपुर में ड्राइवरी लाइसेंस बनाने वाले रैकेट की शिकायतों के बीच बिहार सरकार ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। परिवहन विभाग (बिहार सड़क सुरक्षा परिषद) ने भोजपुर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक के निर्माण के लिए 10 लाख 32 हजार रुपये आवंटन किया है। परिवहन विभाग के राज्य परिवहन आयुक्त सह प्रभारी पदाधिकारी,लीड एजेंसी द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्य शीर्ष 5055 के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति, भोजपुर को दी गई है।
पत्र में स्पष्ट है कि यह राशि प्रशासनिक स्वीकृति के आलोक में ऑटोमेटेड ट्रैक निर्माण में हुए व्यय हेतु दी गई है। ट्रैक बनने के बाद दलालों के जरिए बिना टेस्ट के लाइसेंस बनने का खेल बंद होगा।।
टेस्ट पूरी तरह से सेंसर और कैमरा बेस्ड होगा। आवंटित राशि का व्यय विवरणी, टी.वी. संख्या और तिथि के साथ मुख्यालय को भेजना होगा और महालेखाकार से सत्यापन भी कराना होगा।परिवहन विभाग का यह कदम भोजपुर में लंबे समय से चल रहे फर्जी लाइसेंस रैकेट पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



