
भारत-नेपाल सीमा के पास 135 लीटर शराब बरामद, 1 तस्कर गिरफ्तार, 2 बाइक जब्त
जयनगर – 03 सितंबर। जयनगर में 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। एफ समवाय कमला की नाका पार्टी ने सीमा स्तंभ 270/15 के पास छोटा अकोन्हा तालाब से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, उसके पास से दो बाइक भी जब्त की गईं। आरोपी रहिका का रहने वाला है। देवधा थाना को सौंपा गया। नाका पार्टी द्वारा प्राप्त भारतीय क्षेत्र में छोटा अकोन्हा तालाब के पास निगरानी के दौरान नेपाल से भारत की ओर एक व्यक्ति को बोरी लेकर आते हुए देखा गया। नाका पार्टी द्वारा घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
बोरी की तलाशी लेने पर उसमें नेपाली देशी शराब की 450 बोतलें, प्रत्येक 300 मिलीलीटर, कुल 135 लीटर बरामद हुईं। इसके बाद नाका पार्टी द्वारा आसपास के क्षेत्र में तलाशी लेने पर दो बाइक दिखाई दीं, जिन पर एक-एक बोरी लदी हुई थी। दोनों बोरियों की जांच करने पर उनमें भी नेपाली देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अमरेंद्र कुमार अमर, जगतपुर, थाना रहिका मधुबनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि उक्त शराब इनरवा, नेपाल स्थित प्रधान नामक शराब की दुकान से खरीदी गई थी। इसे मधुबनी, भारत में अपने घर पर बेचने के लिए लाया जा रहा था।
राजेंद्र कुमार, कमांडेंट, 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सशस्त्र सीमा बल द्वारा लगातार सतर्कता एवं सूचना आधारित कार्रवाई की जा रही है।



