
सरकारी स्कूल के छात्रों से बेहतर सुविधाएं तो मंत्रियों के कुत्तों को मिलती हैं: अभिजीत दिपके
मुंबई- 20 अगस्त। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को लातुर में गुरुवार को कहा कि राज्य में सरकारी स्कूल बहुत खराब हालत में चल रहे हैं और छात्रों की तुलना में मंत्रियों के कुत्तों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं। दिपके ने महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे की मांग की।
अभिजीत दिपके आज ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत लातूर जिले की औसा तहसील के उजनी गांव में एक जिला परिषद स्कूल का दौरा करने गए थे। दौरे के दौरान स्कूल की बदतर अवस्था देखकर दिपके ने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत शिक्षा के प्रति चुने हुए प्रतिनिधियों की कथित उदासीनता को दिखाती है, कई जगहों पर अभी भी क्लासरूम, बेंच, शौचालय और सुरक्षित सडक़ें उपलब्ध नहीं हैं।
डिपके ने कहा कि “यह मुद्दा हमारे बच्चों की जिंदगी और भविष्य से जुड़ा है। अगर राजनीतिक नेता छात्रों के लिए काम करने को तैयार नहीं हैं, तो लोग उन्हें वोट क्यों दें?” मंत्रियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “लोगों को इन स्कूलों में जाकर देखना चाहिए कि उनके बच्चे किन हालात में पढ़ रहे हैं। छात्रों से बेहतर सुविधाएं तो मंत्रियों के कुत्तों को मिलती हैं।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे वोट मांगने आने वाले राजनीतिक नेताओं से, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों, शिक्षा में सुधार के लिए उनके योगदान के बारे में सवाल पूछें। उन्होंने कहा, “अपने गांव आने वाले हर नेता से कहें कि वे पहले शिक्षा के लिए काम करें और फिर वोट मांगने आएं। हम राजनीति के लिए जाति और समुदाय के झंडे लेकर निकलते हैं, उसी तरह, हमें अपने बच्चों और उनके स्कूलों के समर्थन में भी आगे आना चाहिए।”
दिपके ने सुझाव दिया कि मंत्रियों और विधायकों को छात्रों की मुश्किलों को समझने के लिए अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में कराना चाहिए। दादा भुसे के स्कूल शिक्षा मंत्री बने रहने के बारे में पूछे जाने पर डिपके ने कहा कि स्कूलों की मौजूदा हालत से पता चलता है कि बदलाव ज़रूरी है। उन्होंने कहा, “अगर सरकार सच में सरकारी स्कूलों में सुधार की ज़रूरत को समझना चाहती है, तो मंत्रियों और चुने हुए प्रतिनिधियों को अपने बच्चों को इन स्कूलों में भेजना चाहिए।”



