
BIHAR:- पूर्णिया में रिश्वत लेते JE समेत 3 बिजली कर्मी गिरफ्तार
पूर्णिया- 06 अगस्त। पूर्णिया के कृत्यानंद नगर स्थित बिजली कार्यालय में गुरुवार को विशेष निगरानी इकाई की टीम ने छापेमारी कर कनीय अभियंता समेत तीन बिजली कर्मियों को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विशेष निगरानी इकाई के इंस्पेक्टर अविनाश कुमार झा ने बताया कि बखरीकोल निवासी राजेश कुमार साह ने विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि घरेलू बिजली कनेक्शन देने के बदले कनीय अभियंता भरत मलिक द्वारा उनसे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद विशेष निगरानी इकाई ने एक टीम गठित की और कृत्यानंद नगर बिजली कार्यालय में कार्रवाई की। निर्धारित योजना के अनुसार राजेश कुमार साह ने रिश्वत के 10 हजार रुपये दिए, जिसे कनीय अभियंता के तकनीकी सहयोगी आशुतोष पांडे ने अपनी जेब में रख लिया। इसी दौरान निगरानी टीम ने कनीय अभियंता भरत मलिक तथा उनके तकनीकी सहयोगी आशुतोष पांडे और पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर अविनाश कुमार झा के अनुसार, आरोपी कनीय अभियंता पूर्व में भी शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये ले चुका था। शेष 10 हजार रुपये लेते समय तीनों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल विशेष निगरानी इकाई की टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



