
MADHUBANI:- पंडौल इंडस्ट्रियल एरिया से 999 लीटर शराब जब्त, तस्कर फरार
मधुबनी- 30 जुलाई। जिले के सकरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंडौल इंडस्ट्रियल एरिया से 999 लीटर विदेशी शराब से लदे एक पीकअप वाहन को जब्त किया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वाहन चालक एवं शराब तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सकरी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार और गुरुवार मध्य रात्रि में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडौल इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क किनारे एक पीकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप उतारी जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एएसआई उदय कुमार शर्मा,राजू कुमार, बी. पासवान तथा रात्रि गश्ती दल को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को देखकर सभी तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पीकअप वाहन की तलाशी ली, जिससे 111 कार्टन में रखी कुल 1,638 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 999 लीटर आंकी गई है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बरामद पीकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। वाहन के मालिक, अज्ञात चालक तथा अन्य शराब तस्करों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपितों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के विरुद्ध सकरी थाना पुलिस का अभियान लगातार जारी है और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस बरामद वाहन के स्वामित्व,शराब की आपूर्ति के स्रोत तथा इसके संभावित नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार तस्करों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।



