
बिहार के 16 जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
पटना- 26 जुलाई। बिहार में मानसून की सक्रियता एक बार फिर तेजी से बढ़ गई है, जिससे राज्य के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आज राज्य के कई हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बिहार के 16 प्रमुख जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की प्रबल संभावना जताई है. विशेष रूप से पश्चिम चंपारण,पूर्वी चंपारण,गोपालगंज, सिवान,सारण,बक्सर, भोजपुर,रोहतास और कैमूर (भभुआ) में भारी मेघगर्जन देखने को मिल सकता है।
बारिश और कड़कती बिजली के साथ-साथ इन प्रभावित इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। धूल भरी तेज आंधी और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। विशेषकर ग्रामीण इलाकों में किसानों को खेतों में न जाने और बड़े पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी गई है।



