
BIHAR:- आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापा, 11 लड़कियां रेस्क्यू, 2 संचालक गिरफ्तार
सीवान- 07 जुलाई। जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नया सवेरा ऑपरेशन 3.0’ के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, दरौली थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने दरौली प्रखंड के दोन स्थित विभिन्न आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापेमारी कर 11 लड़कियों को रेस्क्यू किया। इनमें तीन नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान दो आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने न्यू पारी आर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप के संचालक रंजीत सिंह तथा पूजा आर्केस्ट्रा के संचालक गणेश कुमार को गिरफ्तार किया है। सभी रेस्क्यू की गई लड़कियों के वास्तविक नाम, पता और आयु का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि लड़कियों को किन परिस्थितियों में यहां लाया गया, क्या उन्हें बहला-फुसलाकर या मानव तस्करी के जरिए लाया गया था तथा इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस इस मामले में मानव तस्करी, महिलाओं के शोषण और अन्य संबंधित धाराओं के तहत भी जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में दरौली थाना के पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार, चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज इंचार्ज स्वीटी कुमारी सिंह, स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, सीवान के भोला श्रीवास्तव, धीरज कुमार एवं भोलू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और संस्थान के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या महिलाओं एवं बच्चों के शोषण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष, डायल 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह कार्रवाई जिले में अवैध रूप से संचालित आर्केस्ट्रा और उनके जरिए चल रहे संभावित शोषण के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।



