
बिहार
घरेलू LPG सिलिंडर में 29 रुपये की बढ़ोतरी लोगों के लिए महंगाई का एक और झटका : विजय
- मधुबनी -11 जून। घरेलू रसोई गैस एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। अब घरेलू एलपीजी सिलिंडर 942 रुपये में मिलेगा। यह पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस की दूसरी मूल्य वृद्धि है। रसोई गैस सिलेंडर की मूल्यवृद्धि पर नाराजगी जताते हुए फुलपरास के पूर्व प्रत्याशी विजय कुमार यादव ने कहा कि इससे पहले सात मार्च को भी घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए थे। लगातार दूसरी बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ बढा दिया है। उन्होंने कहा की रसोई गैस सिलेंडर के अलावा पेट्रोल-डीजल की बढती कीमत से परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर सीधा असर पड़ा है। जिसका बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। पैकेटबंद खाद्य सामग्री से लेकर दाल, तेल और दूध तक की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं। सीमित आय में रसोई गैस, दाल, तेल सहित आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने घरों का बजट को काफी प्रभावित किया है। दाल, तेल, दूध की कीमतें आसमान छू रही हैं। महंगाई का असर सिर्फ बाजार तक सीमित नहीं रह गया है। दाल, तेल, दूध, आटा, चावल जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। मंहगाई का सबसे अधिक असर गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ा है, जिन्हें सीमित आय में पूरे घर का खर्च संभालना पड़ता है। आमदनी बढ नहीं रहा है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। घर का बजट संतुलित करना कठिन हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, बिजली बिल और रसोई का खर्च संभालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि घर का बजट संतुलित करना महिलाओं के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल महंगाई की सबसे बड़ी मार रसोई पर पड़ रही है। इसका बोझ सबसे अधिक गृहिणियां महसूस कर रही हैं।



