
MADHUBANI:- महिला कॉलेज में इंटरनशिप को लेकर छात्राओं का हंगामा, कॉलेज प्रधानाचार्य पर परीक्षा के नाम पर अवैध राशि वसूली का आरोप
मधुबनी- 01 जून। जिला मुख्यालय स्थित जेएमडीपीएल महिला कॉलेज में इंटरनशिप एवं स्नातक पंचम सेमेस्टर से संबंधित समस्याओं को लेकर छात्राओं ने जोरदार हंगामा किया। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्राऐं कॉलेज परिसर से बाहर निकलकर सड़क पर उतर आयी तथा कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए कई गंभीर आरोप लगाये।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि इंटरनशिप और परीक्षा से जुड़े मामलों में उन्हें सही एवं स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा के नाम पर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर सत्येंद्र प्रसाद सिंह द्वारा अवैध रूप से राशि वसूली की जा रही है। छात्राओं ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा विद्यार्थियों को पारदर्शी तरीके से सभी शैक्षणिक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएं।
सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की सलाह दी। इसके बाद पुलिस ने कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर सत्येंद्र प्रसाद सिंह से भी वार्ता की। पुलिस और कॉलेज प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद छात्राओं को समझाया गया, जिसके पश्चात उन्होंने अपना धरना और सड़क जाम समाप्त कर दिया। इधर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने आरोप को निराधार बताया।



