
मधुबनी रंग महोत्सव के पहले दिन 29 मई को ‘पुस जाड़ कि माघ जाड़’ नाटक का होगा मंचन
मधुबनी- 28 मई। स्थानीय नगर भवन में 29 व 30 मई को दो दिवसीय रंग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में महेन्द्र मलंगिया लिखित दो नाटकों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, मधुबनी में कला संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्य करने वाले कलाकार, संस्था और संचालक को मधुबनी रंग सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए कार्यक्रम के आयोजक संस्था लोकहित रंगपीठ सेवा संस्थान के सचिव प्रो. महेन्द्र लाल कर्ण ने बताया कि मधुबनी रंग महोत्सव के पहले दिन 29 मई कार्यक्रम का उद्घाटन संध्या 7 बजे विधायक विनोद नारायण झा उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक माधव आनंद, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी, सम्मानित अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी, मेयर अरूण राय, मेयर, निदेशक, मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक, जिला खेल एवं कला संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य अतिथि द्वारा संयुक्त रुप से करेंगे।
महोत्सव के पहले दिन रंगरेज मिथिला द्वारा ऋषि वशिष्ठ के निर्देशन में ‘पुस जाड़ कि माघ जाड़’ नाटक का मंचन किया जाएगा। महोत्सव के दूसरे व अंतिम दिन 30 मई को महोत्सव का उद्घाटन पूर्व मंत्री सह पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ, मुख्य अतिथि विधायक सुजीत पासवान, विशिष्ट अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सम्मानित अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष बिन्दु गुलाब यादव, उप विकास आयुक्त, उपमेयर अमानुल्लाह खान, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रुप से करेंगे। दूसरे दिन लोकहित रंगपीठ द्वारा हर्षित आर्यन के निर्देशन में ‘लक्ष्मण रेखा खंडित’ नाटक की प्रस्तुति की जाएगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में नाट्य और फिल्म क्षेत्र से जुड़े रंगकर्मी अनिल मिश्रा, रंजीत रॉय, रौशन कुमार, रमेश कुमार, पंचम प्रकाश, अभिषेक आकाश, सुजीत कुमार, अंजली कुमारी, लोक कलाकार रमेश मंडल, हर्षित आर्यन, राजनीति रंजन, जटाधर पासवान, रविशंकर मिश्र, विक्रांत कुमार, भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा के राष्ट्रीय सचिव इंद्रभूषण रमन बमबम, नाट्य एवं फिल्म के लेखक निर्देशक श्याम भास्कर, जानकी कैसेट से प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सुनील झा, मिथिला चित्रकला के प्रति समर्पित डॉ. रानी झा, कौशिक कुमार झा, नितिन रावत और रूपा कुमारी को मधुबनी रंग सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रंग महोत्सव के अतिथियों एवं आयोजक संस्था की ओर से मधुबनी रंग सम्मान स्वरूप भेंट दी जाने वाली मिथिला की पहचान पान, मांछ और मखान से बनी मौलिक मिथिला पेंटिंग्स तैयार की जा रही है। पेंटिंग्स तैयार करने वालों में कलाकार रुपा कुमारी, पूजा कुमारी, अंजली कुमारी, नितिन रावत, स्टेट अवार्डी दिनेश पासवान शामिल है।



