
BIHAR: मधुबनी स्टेशन पर खड़ी अन्त्योदय ट्रेन की बोगी में लगी आग, जांच में जुटी फॉरेंसिंक टीम
मधुबनी-28 मई। गुरुवार की सुबह करीब 4 बजे मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी साप्ताहिक अन्त्योदय ट्रेन की एक बोगी में आग लगने से जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक अन्त्योदय ट्रेन सोमवार से मधुबनी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-03 पर खड़ी थी। इसे गुरुवार को उधना के लिए रवाना होना था। इसी बीच सुबह अचानक एक बोगी से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। बोगी में आग की घटना से स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। घटना खबर फैलते ही स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-03 पर खड़ी अन्त्योदय ट्रेन की एक बोगी से आग की लपट देखी गई। कुछ ही समय में आग ने पूरी बोगी को चपेट में ले लिया। जिससे बोगी आग के गोला में तब्दील हो गया। इस तरह बोगी जलकर राख हो गया। रेलवे कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। स्टेशन पर पहुंची अग्निशमन विभाग की 8 से 10 गाड़ियां को करीब एक घंटे तक आग पर काबू पाने लगे रहे। बोगी पुरी तरह जल चुकी थी। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफार्म क्षेत्र को खाली करा लिया। घटनास्थल पर समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश, कमांडेंट आशीष कुमार समेत कई रेलवे अधिकारी पहुंचकर घटना की जानकारी लिया। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू करा दी है।
डीआरएम ज्योति प्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। घटना जांच के लिए फॉरेंसिक और एसएफएल टीम को बुलाया गया है। जांच के बाद ही आग लगने के कारण सामने आ पाएगा।



