
MADHUBANI: तीसीयाही-हरलाखी मुख्य पथ पर ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
मधुबनी- 16 मई। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के तीसीयाही हरलाखी मुख्य पथ पर शनिवार की सुबह ट्रैक्टर के ठोकर से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान खिरहर थाना क्षेत्र के जिरौल गांव के मो. नुरुल के इकलौता पुत्र मो. मुस्तफा (21) के रूप में हुई। मृतक ग़महरिया गांव स्थित ननिहाल से घर लौट रहा था। जबकि, ट्रैक्टर खनुआ टोल की ओर से नंदी भौजी चौक की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर तेज रफ्तार में होने के कारण अनियंत्रित थी। लिहाजा, दुर्घटना जबरदस्त हुई। जिसमें युवक के बाइक के जहां परखच्चे उड़ गए।
वही, युवक की मौत मौके पर ही हो गई। उधर, दुर्घटना की जानकारी होते ही बेनीपट्टी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने ब्रेकर निर्माण कराने, मृतक के आश्रित को मुआवजा दिलाने और फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जामकर्ताओं ने दुर्घटना किए ट्रैक्टर के ट्रॉली से ईंट उतार कर सड़क पर अस्थाई दीवार खड़ा कर दिया। जिससे सड़क के दोनों भागों में लंबी लंबी वाहनों की कतार लग गई। पुलिस के काफी जद्दोजहद के बाद भी जामकर्ता टस से मस नहीं हुए। इसकी जानकारी एसडीपीओ अमित कुमार को दी गई। जिसके बाद डीएसपी के निर्देश पर विधि व्यवस्था संधारण के लिए अनुमंडल के बेनीपट्टी थाना के अलावे खिरहर, साहरघाट, मधवापुर और हरलाखी थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर, बीडीओ महेश्वर पंडित और सीओ अभिषेक आनंद मौके पर पहुंच कर जाम कर रहे लोगों को समझा कर तीन घंटे से लगा जाम खाली कराया।
इस दौरान बेनीपट्टी एसएचओ सह पुलिस इंस्पेक्टर शिव शरण साह, साहरघाट एसएचओ अभिजीत कुमार, खिरहर एसएचओ शुभम कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।



