
स्वीडन में पैरा स्विम ओपन फाल्केनबर्ग इंटरनेशनल चैंपियनशिप में शामिल मधुबनी के शम्स आलम
मधुबनी- 08 मई। अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक शम्स आलम 9-10 मई 2026 को स्वीडन के क्लिटरबैडेट इंडोर स्विमिंग पूल में आयोजित पैरा स्विम ओपन फाल्केनबर्ग इंटरनेशनल चैंपियनशिप में शामिल हो रहे है। शम्स आलम 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले और 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। शम्स आलम ने बताया कि मुख्य लक्ष्य 18-24 अक्टूबर 2026 को जापान में होने वाले आगामी एशियाई पैरा गेम्स के लिए क्वालीफाई करना है। यह प्रतियोगिता क्वालीफायर का काम करेगी। इससे 2026 में अपनी एशियाई और विश्व रैंकिंग सुधारने में मदद मिलेगी।
बतादें कि बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड के रथौस गांव के निवासी शम्स आलम विश्व पैरा स्विमिंंग चैंपियनशिप 2022 के लिए चयनित हुए थे। इसके अलावा शम्स का चयन एशियाई पैरा गेम्स 2022 में शामिल हो चुके है। शम्स आलम विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के पहले पैराप्लेजिक एसएम 5 श्रेणी के तैराक हैं। 21वें राष्ट्रीय पैरा तैराक चैंपियनशिप में शम्स ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया था। देश के लिए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण सहित अन्य पदक हासिल करते रहे है। शम्स आलम साल 2024 में रेक्जाविक अंतर्राष्ट्रीय खेलों में छह पदक (1 स्वर्ण, 2 रजत, 3 कांस्य) जीतकर और दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा दिया। साल 2020 में सर्वश्रेष्ठ पैरा-स्पोर्ट्सपर्सन का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शम्स, गंगा नदी में 13 किलोमीटर ओपन वाटर तैराकी करने वाले पहले भारतीय पैरा तैराक भी बने। साल 2021 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से नेशनल बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन अवार्ड प्रदान किया गया। शम्स आलम साल 2021 को पटना के प्रेमचंद रंगशाला में बिहार खेल सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं।
शम्स नवंबर 2019 में पोलैंड ओपन स्विमिंग चैंपियनशिप में शामिल हुए थे। जिसमें 50 मीटर बटरफ्लाई तैराकी में एस-पांच केटेगरी में प्रथम स्थान लाकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। शम्स को समाज कल्याण विभाग की ओर से 2020 में विश्व दिव्यांगता दिवस पर बिहार का रोल मॉडल अवार्ड मिला था। शम्स पैरा तैराकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2019 में अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करा चुके हैं। साल 2019 में बिहार तैराकी संघ की ओर से पटना में आयोजित मिश्री लाल स्मृति ओपन तैराकी चैंपियनशिप में शम्स ने 12 मिनट 23 सेकंड में दो किलोमीटर की तैराकी पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया था। शम्स अगस्त 2017 में पटना में संपन्न व्हीलचेयर रग्बी चैंपियनशिप में बिहार टीम के कप्तान थे। 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में एशियन पैरा गेम्स में भाग लिया।



