
MADHUBANI:- कैश वैन से भारी मात्रा में शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
मधुबनी, 30 अप्रैल। मधुबनी जिले में उत्पाद विभाग लगातार सक्रिय है, इसी कड़ी में तस्करी के एक अनोखे तरीके का उत्पाद विभाग नाकाम किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस बार कैश वैन का सहारा लिया था, जिसे उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर की सूझबूझ से नाकाम कर दिया गया। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर को गुप्त सूचना मिली थी कि जयनगर के दुल्लीपट्टी से एक कैश वैन में शराब की बड़ी खेप मधुबनी शहर की ओर लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रहिका थाना क्षेत्र के सौराठ के पास अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। जैसे ही संदिग्ध कैश वैन वहां पहुंची, पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारी दंग रह गए। वैन के भीतर से 540 लीटर देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए जुगाड़ अपना रहे हैं, लेकिन हमारी टीम हर चुनौती के लिए तैयार है। इस तस्करी के पीछे सिर्फ चालक ही नहीं, बल्कि कई बड़े शराब माफिया शामिल हैं। उनके नेटवर्क को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में उत्पाद विभाग की कार्रवाई अब केवल तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि शराब के कारोबारियों और इसका सेवन करने वालों पर भी लगातार छापेमारी की जा रही है। तस्करों के हर मंसूबे पर पानी फेरते हुए विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध शराब का खेल अब और नहीं चलेगा। फिलहाल, गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचा जा सके।



