
मधुबनी नगर निगम क्षेत्र की अतिक्रमित तालाब हाकिमों का बना आमदनी का जरिया: राजीव राय
मधुबनी- 26 अप्रैल। सामाजिक कार्यकर्ता राजीव राय ने कहा कि रहिका अंचल सैरात सूची में शामिल नगर निगम क्षेत्र की सरकारी तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराकर जल संरक्षण के दिशा में ‘लक्ष्य तक’ की ‘पारंपरिक जल स्रोत से जल संरक्षण की सफर’ अभियान काफी कारगर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र की अतिक्रमित सार्वजनिक तालाबों को मुक्त कराने की विभाग की जटिल प्रकिया को सहज बनाने की जरूरत है। तालाब की जमीन का अतिक्रमण का चल रहे मामलों के निष्पादन में अंचल कार्यालय और नगर निगम कार्यालय को पारदर्शिता के साथ कार्रवाई में तेजी लाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमित तालाब के मामले नाजायज आमदनी का जरिया बनकर रह गया है। जिससे मामला सालों तक लटका रहता है। इस बीच अतिक्रमणकारियों को खुली छूट मिल जाती है। ऐसे मामलों की उच्च स्तरीय जांच कर संबंधित हाकिमों के कार्यशैली की समीक्षा किया जाना चाहिए। तालाबों को संरक्षित करने के दिशा में अंचल कार्यालय और नगर निगम प्रशासन को ठोस कार्रवाई करना होगा। परंपरागत जल स्रोतों को जीवित करने के प्रयास से ही भविष्य में जल संरक्षण की उम्मीद किया जा सकता है। तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराकर वर्षा जल संरक्षण के लिए अंचल कार्यालय और नगर निगम प्रशासन को आगे आना होगा। इससे बरसात के समय जलजमाव की समस्या से भी बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र की तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर भिंडा पर आम लोगों के लिए सुनिश्चित कराया जाना चाहिए। ताकि भिंडा पर स्थानीय लोग योग का लाभ और फुर्सत का पल गुजार सके। इससे लोगों को बड़ी राहत होगी। लोगों को बैठने के लिए बेंच के अलावा लाइट की व्यवस्था किया जाना चाहिए।



