
MADHUBANI:- सूखा नशा के खिलाफ सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान तेज करेंः डीएम
मधुबनी- 20 अप्रैल। जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन कमिटी से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले को अपराध एवं नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सूखा नशा (ड्रग्स) के विरुद्ध व्यापक एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु निरंतर छापेमारी एवं निगरानी अभियान चलाया जाए।विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के अंतर्गत चिन्हित 286 वाइब्रेंट विलेज में सशस्त्र सीमा बल के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
बैठक में विशेष लोक अभियोजक मधुबनी को भी निर्देशित किया गया कि एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित बहस हेतु लंबित कुल 05 मामलों में शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए न्यायालय से नजदीकी तिथि प्राप्त कर मामलों के त्वरित निपटारे की कार्रवाई करने पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त,औषधि निरीक्षकों द्वारा छापेमारी के दौरान जब्त किए गए मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण हेतु सदर अस्पताल, मधुबनी में एक कक्ष चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उक्त कक्ष की सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी से सुरक्षा गार्ड की प्रतिनियुक्ति हेतु अनुरोध किया गया। जिला पदाधिकारी ने एसएसबी 48वीं बटालियन जयनगर एवं एसएसबी 18वीं बटालियन राजनगर को सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन एवं सख्त छापेमारी अभियान चलाने हेतु अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार,पुलिस उपाधीक्षक रश्मि,कमांडेंट एसएसबी,सभी औषधि निरीक्षक सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने पर बल दिया।



