
छठ मईया की लोकगीत से घरों का माहौल बना भक्तिमय, व्रतियों ने किया खरना अनुष्ठान
मधुबनी- 23 मार्च। सूर्योपासना का चार दिवसीय चैती छठ के लिए व्रतियों द्वारा सोमवार को खरना अनुष्ठान सम्पन्न किया गया। मंगलवार को शहर के गंगासागर तालाब घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य तथा बुधवार को प्रात:कालीन भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित की जाएगी। अधिकांश व्रतियों के यहां छठ पूजा की तैयारी चल रही है। छठ मईया की लोकगीत से घरों का माहौल भक्तिमय हो गया है। छठ पूजा की गीतों पर महिलाएं भाव विह्वल होकर पूजा की तैयारी में जुटी है।
चैती छठ को लेकर बांस के सूप, टोकरी, डगरा, कोनियां आदि की बिक्री देखी गई। मिट्टी से तैयार हाथी, दीप, धूपदानी सहित अन्य वस्तुओं की खरीदारी चल रही है।हल्दी, अदरक, मूली, बद्धी, खाजा, सेब, नारंगी, नारियल, गुड़, केला की बिक्री हो रही है। छठ पूजा के लिए प्रसाद बनाने में पवित्रता का पालन किया जा रहा है। शहर के गंगासागर तालाब घाट पर बड़ी संख्या में छठ व्रती और उनके स्वजन जुटेंगे। छठ घाट की साफ-सफाई कार्य में व्रतियों के परिजन जुटे है। घाट पर लाइट की व्यवस्था चैती दुर्गा पूजा समिति द्वारा किया गया है



