
BIHAR:- सीतामढ़ी के युवक का मधुबनी में मिला शव,सड़क जाम
मधुबनी-26 दिसंबर। रहिका थाना क्षेत्र के शहर से सटे उगना कॉलानी से छह दिन पूर्व गायब हुए 35 वर्षीय सुजीत सिंह का शव रविवार को सुबह सप्ता भलसरी चैक से उत्तर स्थित तालाब से बरामद किया गया। शव को तालाब से स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। शव के चेहरे पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे थे। परिवार के लोगों ने सुजीत की हत्या कर शव को तालाब में फेंकने की बात की आशंका व्यक्त की है। घटना के संबंध में मृतक सुजीत सिंह के पिता रामनरेश सिंह ने बताया कि वह सीतामढ़ी जिला के सहियारा थाना के बस्ती गांव के निवासी हैं। उनका छोटा पुत्र सुजीत सिंह मधुबनी में रहकर मोबाइल टावर में डीजल रिफिलिंग व टेक्नीशियन का कार्य करता था। पिछले 21 दिसंबर की रात से वह गायब था। इसकी लिखित सूचना रहिका थाना को दी गई थी। पुलिस पिछले पांच दिनों से कोई पता नहीं कर पायी। रविवार की सुबह तालाब से उसकी लाश बरामद हुई है। उनके बेटे की हत्या की गई है। वहीं मृतक की बहन अंशु सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अगर प्रयास करती तो उसके भाई की हत्या नहीं हो पाती। पुलिस की लापरवाही से उसके भाई की हत्या हुई है।

हत्या के विरोध में सड़क जाम-
सप्ता गांव में रविवार की सुबह सुजीत सिंह की तालाब से शव की बरामदगी के बाद परिजन शव को लेकर रहिका मधुबनी स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। स्थानीय लोग भी जाम में काफी संख्या में मौजूद थे। जाम करने वाले पुलिस के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। उनकी मांग थी कि हत्यारे को पुलिस गिरफ्तार करें। लगभग चार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में नगर थाना सहित चार थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर शव को उठाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। इस संबंध में एसडीपीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के पोस्टमार्टम के बाद इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है।



