सऊदी अरब में बांग्लादेश के 23 हज यात्रियों की मौत

ढाका- 13 जून। बांग्लादेश से इस वर्ष सऊदी अरब हज करने गए 87,100 जायरीन में से 23 की मौत हो गई। इनमें 21 पुरुष और दो महिलाएं हैं। पिछले साल 65 और 2023 में 121 हज यात्रियों की मौत हो गई थी। इस बीच सऊदी अरब से बांग्लादेश के हाजियों की वापसी शुरू हो चुकी है।

द डेली स्टार अखबार की खबर में धार्मिक मामलों के मंत्रालय के हज प्रबंधन पोर्टल के नवीनतम अपडेट के हवाले से बताया गया है कि इस वर्ष सऊदी अरब में हज करते समय कुल 23 बांग्लादेशी तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो गई। मृतकों में 21 पुरुष और दो महिलाएं हैं। इसमें 15 लोगों की मक्का में, सात की मदीना में और एक जायरीन की मौत अराफात में हुई। इस साल जेद्दा, मीना या मुजदलिफा से किसी के मरने की सूचना नहीं है।

सऊदी अरब से हज वापसी की उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। बांग्लादेश के 369 यात्रियों को लेकर पहली वापसी हज उड़ान 10 जून को सुबह 10:54 बजे राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची थी। स्वदेश लौटे जायरीन का बोर्डिंग गेट पर फूलों से स्वागत किया गया। एयरलाइंस के बूथ पर उन्हें जमजम पानी की बोतलें दी गईं। बांग्लादेश धार्मिक मामलों के मंत्रालय के अनुसार हज उड़ानों का वापसी चरण 10 जुलाई तक जारी रहेगा।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!