
मंत्री रामप्रीत पासवान ने की ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू पर कार्रवाई की मांग
पटना- 06 दिसंबर। भाजपा कोटे के मंत्री रामप्रीत पासवान ने भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू पर कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू की ओर से लगातार पार्टी के विरोध में बगावती तेवर को देखते हुए मंत्री रामप्रीत पासवान ने यह मांग की है ।रामप्रीत पासवान ने आज यहां ज्ञानू के बयान पर कहा है किये उनकी अपनी सोच हो सकती है। उन्होंने जो बात कही है वह सच हो कोई जरूरी नहीं। अगर वह सच बोल रहे हैं तो साबित करें। कोई पार्टी नेतृत्वहीन होकर नहीं चल सकती है।
उल्लेखनीय है कि विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने कहा था कि बिहार भाजपा में नेतृत्व की कमी है। यही कारण है कि पार्टी दिन-प्रतिदिन कमजोर हो रही है। अगर पार्टी को मजबूत करना है तो नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जल्द कुछ सोचना चाहिए। यहां सब चीज में बदलाव की जरुरत है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि आज अपरकास्ट में भी नाराजगी है। यही कारण है कि भाजपा की किरकिरी हो रही है। यह स्थिति बनी रहे तो हमें डर है कि 2024 के चुनाव में इसका प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि भाजपा नेता ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा था कि राजग में अभी केवल एक ही नेता हैं वह नीतीश कुमार हैं।



