भारत

पंजाब में आतंकी हमले की साजिश नाकाम,चीनी हथियारों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार

चंडीगढ़- 24 नवंबर। पंजाब पुलिस ने प्रदेश के तरन तारन जिले के ग्राम सोहल से बुधवार को एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चीन निर्मित दो हथगोले, दो पिस्तौल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि इस गिरफ्तारी से एक बड़ी आतंकी साजिश विफल हो गई है।

पुलिस महानिदेशक इकबालप्रीत सिंह सहोता ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि तरनतारन जिले के ग्राम सोहल से संदिग्ध आतंकी रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही सरहदी राज्य पंजाब में एक आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया है। उसके कब्जे से दो चीनी पी-86 हथगोले, दो पिस्तौल, कुछ कारतूस और काले रंग की रायल इनफिल्ड मोटरसाइकिल (पीबी02-डी.ए-6685) बरामद की गई है। डीजीपी ने बताया कि ख़ुफ़िया सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी) ने संदिग्ध आतंकी रणजीत सिंह को गिरफ़्तार किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में रणजीत सिंह ने खुलासा किया कि उसने सामाजिक कार्यों के बहाने फंड इकट्ठा करने के लिए ‘कौम दे राखे’ नामक ग्रुप बनाया था और सोशल मीडिया के ज़रिये वह ब्रिटेन एवं अन्य देशों में रहने वाले कट्टरपंथियों के संपर्क में आया। उनसे सामाजिक कार्य की आड़ में स्लीपर सेल बनाने के लिए मदद की पेशकश की। रणजीत ने बताया कि हाल ही में उसे हथियारों और विस्फोटकों की एक खेप मुहैया करवाई गई थी। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह सरहदी राज्य में आतंकी हमले की योजना बना रहा था।

डीजीपी ने बताया कि रणजीत भी उस ग्रुप का हिस्सा था, जिसने 15 जनवरी 2020 को लोकनृत्य से संबंधित प्रतिमा तोड़ दी थी। पुलिस ने रणजीत को इस तोड़फोड़ के मामले में गिरफ़्तार किया गया था। इस मामले में वह इस समय ज़मानत पर है। अपर पुलिस महानिदेशक (आंतरिक सुरक्षा) आरएन ढोके ने कहा कि गिरफ्तार किए गए रणजीत सिंह के अन्य साथियों का पता लगाने के लिए हम प्रयासरत हैं। इस मामले में अमृतसर के थाने में मामला दर्ज किया गया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button