
MADHUBANI:- स्थापना लिपिक विजय ठाकुर निलंबित
मधुबनी-24 नवंबर। शिक्षा विभाग में स्थापना मधुबनी के लिपिक विजय शंकर ठाकुर को विद्यालयों में कार्यरत लिपिक एवं अनुदेशकों के अनियमित भुगतान को लेकर निलंबित कर दिया गया है। क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने यह कार्रवाई की है। अपने आदेश में उन्होंने बताया है कि जिला पदाधिकारी व जिला शिक्षा पदाधिकारी के विभिन्न अनुशंसा के आलोक में निलंबित किया जाता है। उनपर राजकीयकृत व परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में कार्यरत लिपिक व अनुदेशकों को अनियमित व गलत ढंग से सुनिश्चित वित्तीय उन्नयन व रुपांतरित सुनिश्चित वित्तीय उन्नयन में प्रोन्नति देने के बाद अवैध भुगतान किये जाने का आरोप है। आदेश के बाद भी प्रभार नहीं दिया जाना, सरकारी कार्य को बाधित करने व अन्य आरोपों में निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही के अधीन रखा गया है। इसदौरान विभागीय कार्यवाही संचालन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी दरभंगा को संचालन पदाधिकारी व स्थापना डीपीओ मधुबनी को उपस्थापना पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रपत्र क अलग से जारी करने का आदेश दिया गया है। विभागीय कार्यवाही को विधिवत संचालित कर जांच प्रतिवेदन 45 दिनों के अंदर सौंपने का आदेश शिक्षा उपनिदेशक दरभंगा ने दिया है।



