
पैगम्बर साहब एवं कुरान पाक के प्रति अपशब्द बोलने वाले वसीम रिजवी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी एसपी से मिलेगा
हरिद्वार-21 नवंबर। विख्यात संस्था अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी की एक महत्वपूर्ण बैठक ज्वालापुर स्थित वरदा एकेडमी में हुई। जिसमें पैगम्बर मोहम्मद साहब एवं कुरान पाक के प्रति अपशब्द,अशोभनीय टिप्पणी करने वाले वसीम रिजवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने समेत कई निर्णय लिए गए। इस पर हरिद्वार कोतवाली में रिजवी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
इस संबंध में आज प्रमुख मुस्लिम संस्था अंजुमन गुलामाने मुस्तफा रजि. की एक महत्वपूर्ण बैठक ज्वालापुर अहबाब नगर स्थित वरदा एकेडमी (स्कूल) में आज हुई। इसमें रिजवी के भड़काऊ बयान की निंदा करते हुए सोसायटी के पदाधिकारियों ने तय किया कि मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मुलाकात करेगा। तथा रिजवी के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने एवं गिरफ्तारी की मांग करेगा।
सोसायटी के सदर हाजी शफी खान ने बताया कि रिजवी ने मोहम्मद साहब के बारे में बहुत ही आपत्तिजनक बातें कही थीं,जिनको कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि रिजवी गंगा जमुनी तहजीब को नष्ट करना चाहता है लेकिन वह अपने नापाक इरादों में कभी कामयाब नही होगा।
सोसायटी के सचिव शादाब कुरैशी ने कहा कि सोसायटी के पदाधिकारियों ने तय किया है कि यदि इस बार गुस्ताखे रसूल रिजवी के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में नही लाई गई तो सोसायटी मुखर होकर आंदोलन को मजबूर होगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व वक्फबोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी ने हरिद्वार में एक विवादित पुस्तक का विमोचन किया था और भड़काऊ भाषण देते हुए मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी की थी। इससे मुस्लिम समाज के साथ अन्य समाज के लोगों में रोष उत्पन्न हुआ और विरोध प्रदर्शन कर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी गई।
बैठक में सोसायटी के सदर हाजी शफी खान, हाजी अनीस खान, हाजी शादाब कुरैशी, नईम कुरैशी आलम सैफी,हाजी गुलजार अंसारी, अताउर्रहमान खान,पार्षद सुहैल कुरैशी,हाजी रफी खान,एड. इरशाद खान,हाजी शाहबुद्दीन अंसारी, जफर अब्बासी, सहित भारी संख्या में मुस्लिमों ने शिरकत की।



