
मधुबनी। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 48 वीं वाहिनी हरिणे कैंप के जवानों ने नेपाल से पांच किलो गांजा लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। धंधेबाज की पहचान थाना क्षेत्र के महादेवपट्टी गांव निवासी सुखचैन महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एसएसबी जवानों को गुप्त सूचना मिली की बॉर्डर पीलर संख्या- 282/2 के रास्ते एक धंधेबाज गांजा लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही कंपनी इंचार्ज ने छह जवानों की टीम गठनकर सूचना आधारित जगह पर विशेष गस्ती लगा दिया। गस्ती दल ने सीमा से तीन किलोमीटर अंदर धंधेबाज को गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसएसबी जवानों गिरफ्तार धंधेबाज को जब्त गांजा के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए हरलाखी पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि एसएसबी अधिकारी के लिखित प्रतिवेदन पर गांजा के साथ गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेज दिया गया है।



