
MADHUBANI:- पेशाब करने के विवाद में मौत
मधुबनी- 29 जनवरी। अरेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव में दबंग के मारपीट से गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति की मौत हो गयी। मौत से आक्रोशित ग्रामीण व परिजनों ने शव को आरोपी के आंगन में रखकर विरोध प्रकट कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि जबतक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तबतक वे लोग इंसाफ की लड़ाई लड़ेंगे।
मृतक की पहचान ब्रह्मपुरा वार्ड नं-02 निवासी जोगेंद्र राम के पुत्र मनोज राम (44) के रूप में हुई है। मृतक बेनीपट्टी बाजार में आइसक्रीम बेचकर पांच बच्चों सहित सात लोगों का परिवार चला रहा था। मृतक की पत्नी ने बताया कि गत 23 जनवरी के सुबह आरोपी सुनील पंडित उनके घर के सामने पेशाब कर रहा था। जिसका विरोध किया तो गाली गलौज करने लगा। जिस पर उनके पति ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उसे ईंट पत्थर से कूच दिया। जिसके बाद जख्मी अवस्था मे थाना को सूचित कर रहिका पीएचसी में इलाज कराया। जहां डॉक्टरों ने दवा व पट्टी कर दी। रविवार की शाम अचानक वो गश खाकर गिर गया और बेनीपट्टी ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि 23 जनवरी के घटना दिन उसे काफी रक्तस्राव हुआ था।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही रहिका एसएचओ राजकिशोर कुमार व अरेर एसएचओ प्रेमलाल पासवान दल बल के साथ मौके पर पहुँच कर आक्रोशित लोगों को समझा बुझा रहे है। मौके पर मुखिया डॉ शैलेन्द्र झा भी लोगों को शांत करने में जुटे हुए है।



