
भारत में चेक गणराज्य की राजदूत ने हरियाणा के राज्यपाल से की मुलाकात
चंडीगढ़- 4 नवंबर। भारत में चेक गणराज्य की राजदूत डॉ. एलिस्का जीगोवा ने हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल से चेक गणराज्य के साथ हरियाणा के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, कृषि, औद्योगिक व व्यापारिक क्षेत्र के संबंधों बारे विस्तार से चर्चा की।
राज्यपाल ने कहा कि चेक गणराज्य द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा के विश्वविद्यालयों के साथ समझौते से भारत व चेक गणराज्य में शिक्षा का स्तर और ऊंचा होगा और विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा मिलेगी। इसके साथ-साथ भारत की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए चेक गणराज्य की सरकार द्वारा आगे बढक़र कार्य करने से हरियाणा व पूरे भारत में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। राजदूत डॉ. एलिस्का जीगोवा ने बताया कि चेक गणराज्य के कई विश्वविद्यालयों में हिंदी व संस्कृत विभाग है। जहां विद्यार्थियों को ये विषय पढ़ाए जा रहे हैं। चेक गणराज्य के सांस्कृतिक दल ने भारत के साथ हरियाणा में दौरा किया है। इससे एक दूसरे की संस्कृति को बढ़ावा मिला है। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने राजदूत डॉ. एलिस्का जीगोवा को शाल व श्री कृष्ण भगवान की मूर्ति भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. जीगोवा ने भी राज्यपाल को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।



